कुलपहाड़ (महोबा)। पाॅलिटेक्निक कॉलेज कुलपहाड़ में रविवार को कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन हुआ। इस दौरान निजी कंपनियों की ओर से साक्षात्कार के आधार पर 130 अभ्यर्थियों का नौकरी के लिए चयन किया गया।
कैंपस प्लेसमेंट में शामिल होने के लिए सुबह से अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला शुरू हुआ। इसमें 190 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन कराया। बजाज हल्दानी, विकास ग्रुप फरीदाबाद, हावाकावा मानेसर, आनंद ग्रुप हरियाणा, सूर्या लाइट एनसीआर, एफएल स्मिथ एनसीआर समेत आठ कंपनियों ने तकनीकी परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया।
चयन प्रक्रिया में 130 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने अपने कौशल और ज्ञान को बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य दिनेश यादव ने अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित किया।
कहा कि जिसका प्लेसमेंट नहीं हुआ, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। आगामी प्लेसमेंट में शामिल होकर सफलता हासिल कर सकते हैं। इस मौके पर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर इंजी. सुरेंद्र कुमार, संदीप कुमार, निरेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।