श्रीनगर (महोबा)। थानाक्षेत्र के करपहाड़िया गांव में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, दो मोबाइल और नकदी पार कर दी। घटना के समय परिवार मूंगफली उखाड़ने खेत पर गया था। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मकान से चोरी करते हुए जाता नजर आ रहा है।
करपहाड़िया निवासी रामवीर सिंह परिवार समेत खेत में मूंगफली उखाड़ने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गए। चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखी सोने की झुमकी, चांदी की बिछिया, दो मोबाइल फोन व 1,100 रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए। घर लौटने पर रामवीर ने सामान बिखरा देखा तो अलमारी से जेवर और नकदी गायब मिली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र का कहना है कि तहरीर के आधार पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कराई जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।