चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी के मोहल्ला रामनगर के आगे जंगल में अचानक आग लग गई। करीब आधा किमी दूर तक आग फैलने से वहां भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना के बाद भी वन विभाग के अधिकारी मौके पर नही पहुंचे। एक घंटे देरी से पहुंची फायर बिग्रेड ने पुलिस व अन्य लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दर्जनों पेड़ पौधे झुलस गए।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही अग्निकांड की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। रोजाना खेत खलिहानों, मकानों व जंगलों में आग लगने के मामले आ रहे है। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे कस्बा चरखारी के रामनगर के आगे जंगल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने पर लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी लेकिन सूचना के एक घंटे बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान आईआईबी प्राइवेट लिमिटेड कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। तेज हवाएं चलने से आग करीब आधा किमी तक फैल गई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस व चौकी इंचार्ज त्रिभुवन सिंह फोर्स के साथ आग बुझाने में जुटे रहे। बाद में 400 लीटर की क्षमता वाली आग बुझाने की मशीन लेकर आए दमकल कर्मियों ने पूरी तरह आग पर काबू पाया। राजू राठौर, लाखन सिंह, राहुल, बदन सिंह आदि का आरोप है कि सूचना के बाद भी वन विभाग के कर्मचारी नही पहुंचे। दमकल वाहन भी देरी से पहुंचा। जिससे दर्जनों पेड़ पौधे आग से जल गए।