संवाद न्यूज एजेंसी
चरखारी (महोबा)। खाद और बीज की एजेंसी देने के नाम पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष समेत 15 लोगों से लाखों की ठगी के मामले की जांच शुुरू हो गई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ चरखारी राजकुमार पांडेय को जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने पर एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि चरखारी के हटवारा मोहल्ला निवासी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान का किसान सेवा केंद्र हैं। खाद व बीज की एजेंसी देने के नाम पर चार युवकों द्वारा खुद को एग्रो कल्चर फर्टीलाइजर कंपनी का प्रतिनिधि बताकर 2.10 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसी तरह बार एसोसिएशन चरखारी के पूर्व अध्यक्ष मंगल सिंह राजपूत, किसान बाघराज समेत एक दर्जन से अधिक किसानों से 15 लाख की ठगी की गई। पीड़ितों ने मामले की तहरीर तीन लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली चरखारी में दी। साथ ही डीएम, एसपी को भी शिकायती पत्र भेजा।
पुलिस अधीक्षक ने खाद बीज की एजेंसी देने के नाम पर ठगी होने के मामले का गंभीरता से लिया है। एसपी ने मामले की जांच सीओ चरखारी को सौंपकर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच शुरु हो जाने से अब पीड़ितों को पैसा वापस मिलने की उम्मीद जगी है।