महोबा। अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच की ओर से अनूठी पहल शुरू की गई है। बौद्धिक मंच की ओर से निर्धन व जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य पुस्तकें और स्टेशनरी की सामग्री मुहैया कराएगा। ताकि, आर्थिक तंगी मेधावियों के शैक्षिक विकास में बाधा न बनें। यह निर्णय रविवार को आयोजित बौद्धिक मंच की बैठक के दौरान लिया गया। जिलाध्यक्ष अमन तिवारी ने कहा कि पहले ऐसे बच्चों को चिह्नित किया जाएगा जो जरूरतमंद हैं। इसके बाद उनकी आवश्यकता के हिसाब से किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। रविवार को 20 से अधिक बच्चों को पाठ्य सामग्री मुहैया कराई गई। इस मौके पर कार्यकारिणी सदस्य ऋतुराज गुप्ता, संरक्षक शिवम सिंह, उपाध्यक्ष मनी पांचाल, अतुल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।