महोबा। ब्लॉक कबरई की ग्राम पंचायत सिजहरी में आंगनबाड़ी केंद्र से पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक 20 लाख से इंटरलाॅकिंग व मार्ग मरम्मत का काम कराया जाएगा। इसको लेकर ग्राम पंचायत की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई है। यदि सबकुछ ठीकठाक रहा तो दिवाली पर्व के बाद यह काम शुरू हो जाएगा।
ग्राम पंचायत सिजहरी में आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक जाने वाला मार्ग जर्जर हालत में है। ग्रामीणों की मांग पर ग्राम पंचायत की ओर से कार्ययोजना तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी। कार्ययोजना को अब विभागीय अधिकारियों की ओर से हरी झंडी दे दी गई है। इससे सिजहरी में आंगनबाड़ी से पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक इंटरलॉकिंग और मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। मार्ग पर इंटरलॉकिंग होने से बच्चों व ग्रामीणों को आवाजाही में आसानी होगी। उधर, जिला पंचायती राज अधिकारी चंद्रकिशोर वर्मा का कहना है कि ग्राम पंचायत की ओर से सिजहरी में आंगनबाड़ी केंद्र से पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक इंटरलॉकिंग और मार्ग मरम्मत का काम कराया जाएगा। जल्द ही यह काम शुरू होगा।