बेलाताल (महोबा)। जैतपुर ब्लॉक सभागार में आयुष्मान योजना व कोरोना वायरस से बचाव के लिए शुक्रवार को जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. योगिता शर्मा ने कहा कि आशाएं व एएनएम गांव में जाकर अंत्योदय योजना के लाभार्थियों का सर्वे करके रिपोर्ट ब्लॉक में भेजें। जिससे गोल्डन कार्ड से वंचित लाभार्थियों को योजना का समय से लाभ मिल सकें।
गोष्ठी में जिला कार्यक्रम समन्वयक ने कहा कि जयिले में 65868 लाभार्थी परिवार हैं। जो लाभार्थी गोल्डन कार्ड से वंचित हैं, उनका भारत सरकार के निर्देश पर अंत्योदय योजना के तहत घर-घर जाकर सर्वे कराकर चिंहित करना है। उन्होंने आशाओं व एएनएम को इस काम में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। कहा कि इस योजना के लिए ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव व कोटेदारों का भी सहयोग लें। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 75 जिलों में महोबा पांचवें स्थान पर है, यह बड़ी उपलब्धि है।
यूनिसेफ के मो. परवेज ने कहा कि कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। इससे बचने के लिए सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। यदि किसी को सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण हो तो उसे तत्काल अस्पताल ले जाएं। छीकने वाले व्यक्ति से एक मीटर की दूरी रखें। इसमें डरने की जरूरत नही है। किसी कार्य को करने के बाद हाथ साबुन से जरूर धोएं। पीएचसी प्रभारी डॉ. पीके सिंह राजपूत ने कहा कि एएनएम व आशाएं गांव में जाकर लाभार्थियों को जागरूक करें। इस मौके पर आशा, एएनएम व आशा संगिनी मौजूद रहे।