महोबा। दीपावली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार खाद्य सुरक्षा टीम ने पांच स्थानों पर खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। छापामारी से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सनोज कुमार व नागेंद्र कुमार की टीम ने राठ तिगैला पनवाड़ी में अरविंद किराना स्टोर की दुकान में छापा मारा। यहां मिलावट की आशंका पर तेल का नमूना लिया गया। इसके बाद मिष्ठान विक्रेता बृजेश कुमार सेन की दुकान से लड्डू व किराना दुकान से बेसन का सैंपल लिया। इसके अलावा शहर के लवकुशनगर तिराहा से दूध विक्रेता गजाधर व नंदलाल यादव के मिश्रित दूध का नमूना संग्रहित किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूना फेल होने पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर नही होने दी जाएगी।