महोबा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय में मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रयोग को रोकने के लिए जागरुकता कार्यक्रम चलाया। इसमें छात्र-छात्राओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और मिलावट के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को मिलावटी खाद्य पदार्थों को जांचने के तरीके बताए।
कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शासन के निर्देश पर जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से लोग कई रोगों की चपेट में आ जाते हैं। खुले में रखे कटे फलों के सेवन के लिए मना किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खाद्य तेल, नमक, दूध आदि की शुद्धता मापने के तरीके बताए। कहा कि इसके प्रति अपने परिजनों व पड़ोसियों को भी अवगत कराएं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सनोज कुमार ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि गिलास में केवल उतना पानी ले, जितना पानी पिया जा सके और व्यर्थ न जाए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को थोड़ा कम नमक, तेल, चीनी लेने व केवल उतना खाना लेने जितना खाया जा सके की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या शबाना सिद्दीकी के अलावा विद्यालय स्टाप व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।