कस्बा खन्ना के पास से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे इस स्थान पर बनेगा औद्योगिक गलियारा।
- फोटो : कस्बा खन्ना के पास से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे इस स्थान पर बनेगा औद्योगिक गलियारा। संवाद
महोबा। जिले से गुजरे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे यूपीडा की ओर से प्रस्तावित औद्योगिक गलियारा के निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण का काम 92 फीसदी पूरा हो गया है। हालांकि, कुछ किसानों के बाहर होने व कुछ के जेल में निरुद्ध होने से आठ फीसदी रजिस्ट्रियों का काम अटका है।
राजस्व विभाग की ओर से बाहर रहने वाले किसानों से संपर्क किया जा रहा है। विभागीय अधिकारी बुंदेलखंड में अन्य जिलों की अपेक्षा महोबा में औद्योगिक गलियारा के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति को सबसे बेहतर बता रहे हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे महोबा जिले में खन्ना कस्बे के पास से गुजरा है। शासन के निर्देश पर एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जाना है। यूपीडा को औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जिम्मेदारी मिली है।
डेढ़ साल पहले यूपीडा के अधिकारियों ने जिले के आला अधिकारियों के साथ खन्ना कस्बे के पास एक्सप्रेसवे के किनारे 110 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की थी।
इसमें 106 हेक्टेयर भूमि कृषकों की है जबकि शेष 4.0670 हेक्टेयर भूमि सरकारी है। इस जमीन का अधिग्रहण कराने को लेकर शासन की ओर से करीब एक अरब रुपये के बजट की व्यवस्था की गई है।
अभी तक 103 किसानों से बैनामे कराए जा चुके हैं। 92 फीसदी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सरकारी भूमि को भी यूपीडा के नाम हस्तांतरित कर दिया गया है। औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होने के बाद यहां देश की मल्टीनेशनल व छोटी-बड़ी कंपनियों की इकाइयां लगेंगी। इससे अच्छे वेतनमान पर नौकरियां मिलेंगी। हालांकि, अभी करीब आठ फीसदी भूमि का बैनामा कराया जाना शेष है।