कनकुआ (महोबा)। थाना महोबकंठ के ग्राम तेइया में सोमवार की देर शाम चोरों ने मकान का ताला तोड़कर नगदी समेत तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय गृहस्वामी पत्नी व बच्चों के साथ भांजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम तेइया निवासी ओमप्रकाश पुत्र फेरू अहिरवार अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर भांजे का मुंडन संस्कार कराने विंध्यवासिनी मंदिर गया था। घर में ताला लगा होने के चलते देर शाम चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व बख्शे के ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नगदी, जेवर समेत दो लाख रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए।
रात में जब पिता फेरू अहिरवार घर वापस लौटा तो ताले टूटे व सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने पुत्र ओमप्रकाश को घटना की सूचना दी। बाद में थाना महोबकंठ में घटना की तहरीर सौंपी। जिसमें बताया कि उसका पुत्र घर पर किराना व आटा चक्की चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। चोरी की घटना से पीड़ित परिवार परेशान है। थानाध्यक्ष आनंद कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कराकर घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।