हाईस्कूल की परीक्षा में फेल होने पर एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। बेटी की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल गमगीन है। थाना महोबकंठ के ग्राम उमरई निवासी राजेंद्र दर्जी की बेटी नीतू (16 ) जिले से सटे मध्यप्रदेश के हरपालपुर कस्बे के एक विद्यालय से संस्थागत पढ़ाई कर रही थी।
इस वर्ष उसने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। सोमवार को मध्यप्रदेश बोर्ड का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित होने पर नीतू फेल हो गई। जिसके बाद उसने चुपचाप घर जाकर कमरे के अंदर फांसी लगा ली।
घटना के समय पिता मजदूरी करने गया था, जबकि मां पड़ोस में बैठी थी। जैसे ही मां घर आई, बेटी को फांसी पर लटका देख उसके होश उड़ गए। मां की चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और छात्रा को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।