महोबा। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा मनाए जा रहे कौशल पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को कौशल विकास मिशन की महत्ता बताई गई। साथ ही एलईडी प्रचार वाहन से युवाओं के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कौशल विकास कार्यक्रम की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी नेने एलईडी वैन को अशोक चौराहे से हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। एलईडी वैन आल्हा चौक, रायनपुर चरखारी, गोंदी तिराहा कुलपहाड़, बाईपास तिगैला बेलाताल आदि स्थानों पर पहुंची। जहां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कौशल विकास मिशन की महत्वता व इससे जुड़ने की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हीरा सिंह, जिला समन्वयक समेत तमाम लोग मौजूद रहे। इसी तरह शासन के निर्देश पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत गांव गांव में लोगों को जागरूक करने के लिए आडियो प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या रोकने, समाज में बालिकाओं को भी बेटों के समान अवसर देने का है। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि यह वाहन गांव गांव में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इस दौरान बालिकाओं के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।