फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महंगाई की मार: आम आदमी की पहुंच से दूर हुईं हरी सब्जियां

Mon, 27 Oct 2025 12:10 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
फोटो 26 एमएएचपी 04 परिचय-रोडवेज के पास लगी सब्जी की दुकान। संवाद
विज्ञापन
महोबा। सहालग की आहट के बीच सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। टमाटर के दाम पहले से ही लोगों के घर का बजट बिगाड़ रहे थे। अब आलू और बैगन के दाम ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया है। लगातार दाम बढ़ने से हरी सब्जियां तो आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। यही वजह है कि थाली से हरी सब्जियां गायब हो गई।
विज्ञापन

दिवाली पर्व के बाद अब देवोत्थान एकादशी पर्व आने वाला है। इस पर्व के बाद से हिंदू समाज में विवाह आदि शुभ कार्यों की शुरूआत हो जाएगी। शादी-विवाह के आयोजनों से पहले ही सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। सब्जी दुकानदार राजू कुशवाहा बताते हैं कि अब तक 15 से 20 रुपये किग्रा बिकने वाला आलू अब 25 प्रति किग्रा की दर से बिकने लगा है। टमाटर 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। वहीं पालक के दाम 120 रुपये किग्रा, मैथी भाजी के दाम 160 रुपये किग्रा तक हो गए हैं। आम आदमी के लिए सुलभ मानी जाने वाली तरोई 60 रुपये किग्रा और बैगन 40 रुपये किग्रा की दर से बिक रहे हैं। लौकी और कद्दू के दाम भी 40 रुपये किग्रा से नीचे नहीं उतर रहे हैं। वहीं सेम 60 रुपये किग्रा, परवल 120 रुपये किग्रा की दर से बिक रहे हैं। मूली 10 रुपये की एक मिल रही है तो वहीं हरी धनियां के दाम 300 प्रति किग्रा तक पहुंच गए हैं। इस तरह की महंगाई से आम आदमी की जेब पर गहरा असर पड़ रहा है। दिनेश, दीपक, प्रमोद आदि का कहना है कि पहले कम रुपयों में काफी सब्जियां आ जाती थीं लेकिन अब जेब से ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इसका असर उनके घर के बजट पर पड़ रहा है।


घटने के बजाय बढ़ रहे हैं दाम
महोबा। सर्दियों में हर साल सब्जियों के दाम कम हो जाते थे। इस बार सब्जियां सस्ती होने की उम्मीद थी, लेकिन उल्टे दाम बढ़ने लगे हैं। इसके पीछे मुख्य कारण स्थानीय सब्जी बाजार में न आना है। इस सीजन में लगातार बारिश होने से खेतों में पानी भर गया और सब्जियों की फसल प्रभावित हुई। बाहर से आने वाली सब्जियां महंगे दाम पर बिक रही हैं। ललिता भवन के पास रहने वाली ग्रहणी प्रियंका सक्सेना बताती हैं कि पहले 200 रुपये में सब्जियों से थैला भर जाता था। अब 500 रुपये भी कम पड़ जाते हैं। कई लोग तो अब हरी सब्जी की बजाय आलू, टमाटर की सब्जी से ही गुजारा कर रहे हैं। वहीं गांधीनगर निवासी दीपक शिवहरे कहते हैं कि सब्जियों के बढ़े हुए दामों ने लोगों के घरों का बजट बिगाड़ दिया है। सहालग से पहले इस तरह से यदि सब्जियों के दाम बढ़ते रहे तो शादियों के समय लोगों को काफी परेशानी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें