महोबा। सरकार ने पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन आपके सुरक्षित व स्वस्थ रहने के लिए ही किया है, लेकिन घर में रहकर की गई छोटी सी चूक आपको कोरोना के नजदीक ला सकती है। लिहाजा सावधानी बरतें ताकि आप और आपका परिवार महफूज रह सके।
जिला सलाहकार क्वालिटी एश्योरेंस डॉ. दिवाकर प्रताप सिंह बताते हैं कि घर में आई कच्ची सब्जी और फल को नंगे हाथों से न पकड़ें। हाथों में ग्लव्ज लगाकर सब्जी को लें और तत्काल धोएं। अगर नंगे हाथों में ले भी रहे हैं तो तत्काल हाथों को सैनिटाइज करें। उनका मानना है कि सब्जी भी आपको संक्रमण दे सकती है। इसी तरह दूध के पैकेट लेने जाते वक्त झोला साथ ले जाएं। कतई नंगे हाथों में न पकड़ें। अगर पकड़ना मजबूरी हो तो घर आते ही तत्काल हाथ धोएं। उन्होंने बताया कि डोरवेल, कूड़ादान, कार के दरवाजे, बगीचे के फूल, जूते-चप्पल, दरवाजे के हैंडल व नोट और सिक्के जब भी छुएं तो हाथ तुरंत धोएं। जरा भी कोताई न करें। बच्चों व बुजुर्गों के लिए तो यह वायरस है ही नुकसान देह, जवानों को भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए। जिन लोगों को डायबिटीज व ब्लडप्रेशर की शिकायत रहती है, वह दवाएं खाते रहें और डॉक्टर के संपर्क में रहें। कहा कि खांसी आए या छींक, हाथ तत्काल साबुन से धोएं। कोरोना से बचने के लिए सावधानी बरतना ही सबसे कारगर उपाय है। खांसी या बुखार के लक्षण होने या सांस लेने में तकलीफ होने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में दिखाएं।