महोबा। राजधानी लखनऊ में आयोजित विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति की बैठक में पर्यटन विकास का मुद्दा गूंजा। चरखारी निवासी एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिले तो युवाओं को रोजगार मिलेगा।
विधान भवन लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति बैठक सभापति सीपी चंद की अध्यक्षता में हुई। समिति सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने राठ में स्थापित सिद्धपीठ रामगढ़ किला में पर्यटन विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को सुविधाएं के लिए आवश्यक कार्यों का निर्माण, सुंदरीकरण के लिए धन आवंटन की बात रखी।
कहा कि महोबा के कुलपहाड़ व पनवाड़ी में कृषकों और व्यापारियों की सुविधा प्रदान कर कृषि मंडी की स्थापना कराई जाए। महोबा के काकुन गांव में हनुमान मंदिर में प्रांगण को विकसित, सुंदरीकरण व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कार्यों के लिए पर्यटन विभाग की ओर से धनराशि आवंटित की जाए।
चरखारी विधानसभा के ब्लॉक पनवाड़ी में धसान नदी के किनारे धार्मिक स्थल झारखंड को विकसित और सुंदरीकरण के लिए पर्यटन विभाग की ओर से श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक धनराशि का आवंटन किया जाए। इन विषयों पर समिति के माध्यम से बैठक में उपस्थित संबंधित विभाग के प्रमुख सचिव को अवगत कराया गया।