महोबा। शहर के मोहल्ला भीतरकोट में पत्नी से विवाद के बाद पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। आरोप है कि अराजकतत्वों ने युवक की शादी के पहले की एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। परिजनों ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भीतरकोट निवासी राजेश वर्मा के पुत्र अभिषेक वर्मा (22) ने तीन साल पहले कंचन नामक युवती से लव मैरिज की थी। दोनों की पारिवारिक जिंदगी बेहतर चल रही थी। रविवार की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। कहासुनी होने पर अभिषेक ने मकान के कमरे में पंखे के हुक से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।
बड़े भाई शैलेष का आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों ने शादी के पहले की एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दी। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। अज्ञात युवकों ने उसके भाई को ब्लैकमेल कर बदनाम करने की साजिश रची। आरोप लगाया कि पत्नी और ससुरालीजन भी अभिषेक को प्रताड़ित कर रहे थे। जिससे उसने यह कदम उठाया। फोटो वायरल करने वाले अज्ञात युवकों व ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को तहरीर के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया।