खरेला (महोबा)। थाना खरेला के ऐंचाना गांव में पति की मारपीट से आहत महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के भाई ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने व मारपीट कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
ऐंचाना निवासी बहादुर प्रजापति के दो बेटों भवानीदीन व राजेश की शादी जनपद हमीरपुर के कुमरौला निवासी कौशल किशोर की दो सगी बहनों उमा और मिथलेश के साथ हुई थी। गुरुवार को जेठ भवानीदीन के यहां चौक कार्यक्रम था। जिसमें राजेश अपनी पत्नी मिथलेश के साथ शामिल होने गया था। रात को लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई।
झगड़े के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। इससे आहत होकर शुक्रवार की सुबह मिथलेश (30) का शव मकान के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए ससुरालियों पर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
मृतका के भाई ने बताया कि उसने बहन मिथलेश की शादी 19 फरवरी 2019 को की थी। उसके एक बेटा व एक बेटी है। पति राजेश आए दिन शराब के नशे में बहन की मारपीट करता था। दिवाली के समय भी बेरहमी से मारपीट की थी। तब दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी। आरोप लगाया कि इसके बाद भी ससुरालीजन लगातार मारपीट करते रहे और रात में हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। थानाध्यक्ष गोपालचंद्र कनौजिया का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना की जांच कराई जा रही है।