कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम सतारी में गुरुवार रात चिंगारी से कोटेदार के मकान में आग लग गई। आग की लपटों ने पड़ोस के दो मकानों को भी जलाकर राख कर दिया। सूचना के डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। तीन मकानों में आग लगने से लाखों की गृहस्थी जलकर राख हो गई ।
तहसील कुलपहाड़ के ग्राम सतारी निवासी कोटेदार लाल बहादुर साहू गुरुवार की रात परिवार सहित मकान में लेटा था। तभी गांव में शादी समारोह होने पर बारात में आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी ने बहादुर साहू के मकान को अपनी चपेट में ले लिया।। आग की लपटे देख परिजनों ने भागकर अपनी जान बचाी। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई लेकिन तब तक आग ने कोटेदार के भाई उदयभान साहू और पड़ोसी नंदी अहिरवार के मकानों को भी जला दिया। एकजुट हुए ग्रामीणों ने आसपास स्थित जलस्रोतो से पानी लाकर आग पर काबू पाया। सूचना के डेढ़ घंटे बाद दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक ग्रामीण हैंडपंप और टैंकरों के पानी से आग पर काबू पा चुके थे। शुक्रवार सुबह लेखपाल अशर्फी खान ने अग्निकांड में हुई क्षति का आंकलन कर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। लेखपाल ने एसडीएम कुलपहाड़ सहित अपने उच्चाधिकारियों को जांच रिपोर्ट भेज दी है। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।