जिले में दो अलग-अलग स्थानाें पर अग्निकांड में दो घराेें की गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणाें ने दो घंटा मशक्कत कर आग पर काबू पाया। अग्निकांड की घटना में दोनों गृहस्वामियाें की तकरीबन 80 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
थाना खन्ना के ग्राम सुरहा निवासी बब्बू पुत्र दुर्गा कुशवाहा घर में ताला डालकर अपने परिवार के साथ गांव में भागवत कथा सुनने गया था। तभी अचानक उसके घर में आग लग गई। मकान से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण एकजुट होकर शोर मचाते हुए दौड़ पड़े और आनन-फानन में गृहस्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंच गृहस्वामी ग्रामीणाें के साथ हैंडपंपाें और कुआें से आग बुझाने में जुट गया। तकरीबन दो घंटा मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक घर में रखा 30 क्विंटल भूसा, 50 किलो मसूर, चार क्विंटल गेहूं सहित 80 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। उधर ग्राम भरवारा निवासी राजेश सक्सेना घर पर खाना बन रहा था। वह घर के पीछे बने पशुबाड़े में जानवराें को चारा डालने गया था। तभी अचानक चूल्हे की चिंगारी से घर में आग लग गई। जिससे परिजन घर से शोर मचाते हुए घर से बाहर निकल आए। शोरगुल सुनकर ग्रामीण दौड़ पडे़ और हैंडपंप व कुआें से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। तकरीबन ढाई घंटा मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक घर में रखा दस क्विंटल गेहूं, दो बोरी मटर व अन्य गृहस्थी का सामान सहित 20 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। पीड़ित गृहस्वामी ने घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी है।