महोबा। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने शासन के निर्देश पर बिना लक्षण वाले संक्रमितो को होम आइसोलेशन की सुविधा देना शुरू कर दिया है। इसके लिए विभागीय नियमों का पालन करना जरूरी है। जिले में फिलहाल 12 मरीजों को सोमवार से यह सुविधा मिलनी शुरू हो गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन ने बताया कि शासन के निर्देश और जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी के निर्देशन पर यह प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। होम आइसोलेशन की सुविधा लेने वाले मरीजों के घरों व निवास स्थान की जांच के लिए जिले में दो टीमें लगाई गई हैं।
मरीज को रोजाना दिन में तीन बार अपने स्वास्थ्य की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, मॉस्क, ग्लव्स, सोडियम हाइपोक्लोराइड सोल्यूशन आदि की किट रखनी होगी। जिन रोगियों की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है या गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं उन्हें होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं दी जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि परिवारीजनों को हिदायत दी गई है कि होम आइसोलेशन में यदि लक्षण दिखाई देते हैं, तब संक्रमित को कोविड अस्पताल में क्वारंटीन कराना पड़ेगा। होम आइसोलेशन के दौरान गाइडलाइन का अनुपालन न करने पर भी सुविधा खत्म कर दी जाएगी।
आरोग्य एप से होगी मॉनीटरिंग
होम आइसोलेशन वाले मरीजों को अपने एंड्रायड मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप हर हाल में डाउनलोड करना होगा। एप को एक्टिव रखने के लिए ब्लूटूथ, वाईफाई का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। दिन में दो बार एप पर सूचना को अपडेट करने को कहा गया है। जिससे समय-समय पर मरीज की मॉनीटरिंग होती रहेगी।