चरखारी (महोबा)। कस्बे में रहने वाली हेमा पर उसकी सहेली पूजा के प्यार का ऐसा जादू चला कि वह हेमा से बदलकर हेमंत हो गई। दोनों सहेलियों ने आपस में शादी रचा ली। घर पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका परिजनों ने स्वागत किया। यह अनोखा प्रेम विवाह बुंदेलखंड समेत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। सामाजिक और पारंपरिक मान्यताओं को दरकिनार करते हुए अब वे साथ रहेंगी। हेमा खुद को हेमंत कहलवाना पसंद करती हैं।
चरखारी कस्बे के छोटा रमना मोहल्ले का है। इस मोहल्ले में रहने वाली हेमा (20) दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहकर फल की दुकान चलाती है। वह बचपन से ही लड़कों की तरह रहना पसंद करती थी और परिजनों ने भी उसे लड़के के तौर पर ही परवरिश दी। करीब तीन वर्ष पहले हेमा की मुलाकात मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र में रहने वाली पूजा (18) से हुई।
पूजा दिल्ली में अपने रिश्तेदारों के यहां रहती थी। दोनों की मुलाकात दोस्ती में बदली। दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे ये दोस्ती प्यार में बदल गई। तीन वर्षों तक चले इस रिश्ते के बाद दोनों युवतियों ने सामाजिक मान्यताओं की परवाह किए बिना ही छह अक्तूबर को दिल्ली में ही कोर्ट मैरिज कर ली। कोर्ट मैरिज के बाद हेमा और पूजा बृहस्पतिवार को चरखारी पहुंचीं, जहां उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बहू के रूप में पूजा को घर लेकर पहुंचने पर हेमा के परिजनों ने जमकर स्वागत किया। हेमा उर्फ हेमंत की मां ने कहा कि उन्होंने पूजा को अपनी बहू स्वीकार किया है। परिवार के लोगों के साथ ही रिश्तेदार और मुहल्ले के लोग मुंह दिखाई के लिए पहुंच रहे हैं।