अजनर (महोबा)। ग्राम पसानाबाद में तीन दिन पहले दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बुधवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक सैकड़ा परिवारों की थर्मल स्क्रीनिंग की। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति में कोरोना लक्षण नहीं मिले।
स्वास्थ्य टीम ने लागों से घरों में रहने और मास्क व सेनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की।
ग्राम पसानाबाद में 8 जून को दो कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद खलबली मच गई थी। प्रशासन ने दोनों मरीजों को मेडिकल कालेज बांदा भेजा था। साथ ही, मरीजों के संपर्क में आए 27 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। डीएम के निर्देश पर संक्रमित व्यक्ति के घरों व गलियों को सैनिटाइज कराते हुए बैरिकेडिंग कराई गई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन के निर्देश पर बुधवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी जैतपुर डॉ. पीके सिंह ने टीम के साथ गांव पहुंच लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। पूरे गांव के एक सैकड़ा परिवारों की थर्मल स्क्रीनिंग कर चेकअप किया गया। गांव में कोरोना संक्रमित प्रवासी श्रमिकों के निकलने से लोगों में दहशत हैं। स्वास्थ्य टीम में डॉ. मनोज कुशवाहा, डॉ. प्रेमनारायण शर्मा, डॉ. आशुतोष सोनी, डॉ. अभिलाषा चौरसिया समेत आशा व एएनएम शामिल रहीं।