महोबा। आयुष्मान कार्ड बनाने में महोबा मंडल में अव्वल रहा है। हमीरपुर को दूसरा और चित्रकूट फिसड्डी साबित हुआ है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराए जाने के लिए आष्युमान कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। जनसेवा केंद्रों में भी निर्धारित शुल्क पर कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी में लगातार कार्ड बनने से महोबा में लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 40 फीसदी आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 3.85 लाख आयुष्मान कार्ड के सापेक्ष अभी तक 1.52 लाख कार्ड बनाए गए। इससे महोबा को मंडल में पहला स्थान मिला है। हमीरपुर में 5.30 लाख के सापेक्ष 2.01 लाख, बांदा में 7.94 लाख में से 2.82 लाख और चित्रकूट में 4.53 लाख में से 1.40 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. योगिता शर्मा ने बताया कि लाभ लेने के लिए योजना से संबंद्ध निजी अस्पतालों की जानकारी बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य केंद्र में जाकर लाभार्थी महानगरों में योजना से जुड़े अस्पतालों की जानकारी लेकर इलाज ले सकता है। कोई भी समस्या होने पर कार्ड के पीछे लिखे हेल्पलाइन नंबर पर भी बात करके सहायता ली जा सकती है।