महोबा। बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कवायद तेज कर दी है। पांच मई बुधवार से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर घर-घर जाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक कर इसके लक्षण के बारे में बताएंगी। सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार आदि लक्षण मिलने पर मरीजों को घर पर मेडिकल किट उपलब्ध कराएंगी। यह अभियान पांच दिन तक चलेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एमके सिन्हा ने बताया कि घर-घर भ्रमण के दौरान दो सदस्यीय टीम कोरोना के नए लक्षणों, बचाव के उपायों, उपलब्ध जांच एवं चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में लोगों को अवगत कराएगी। साथ ही ऐसे लक्षण युक्त व्यक्तियों को जिन्हें तत्काल औषधि की आवश्यकता है, औषधि मुहैया कराएंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जीआर रत्मेले ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर ही कार्ययोजना बनाई जा रही है। प्रत्येक टीम में आशा, आंगनबाड़ी वर्कर, अध्यापक अथवा निगरानी समिति के सदस्य में से उपलब्धता के आधार पर कुल दो सदस्य ही चयनित किए जाएंगे।
यह विशेष अभियान पांच दिन तक चलेगा। आवश्यक होने पर इसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है। प्रत्येक टीम को छह मेडिसिन किट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि टीमें लक्षणयुक्त व्यक्तियों को सूचीबद्ध कर उनकी सूचना ब्लाक तथा जनपद मुख्यालय को भेजेंगी। ऐसे सभी व्यक्तियों की नजदीकी जांच केंद्र पर जांच कराई जाएगी।