महोबा। दो बच्चों के बीच कम से कम तीन साल का सुरक्षित अंतर रखने के उपाय बताकर परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। परिवार पूरा हो जाने पर स्थाई परिवार नियोजन के साधन के रूप में नसबंदी अपनाने की अपील की गई। कई स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को वीडियो दिखाकर जागरूक किया गया।
जिला महिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमके सिन्हा ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजित किए गए हैं। हर माह की 21 तारीख को इसी प्रकार खुशहाल दिवस का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी परिवार नियोजन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जैतपुर पीएचसी में नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने कहा कि खुशहाल परिवार बनाने में आशा और एएनएम घर-घर जाकर जानकारी दें। इस दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ.पीके सिंह, जितेश सोनी, डीएफपीएस राजेश प्रजापति, बीसीपीएम शिवचरन पाल आदि उपस्थित रहे। परिवार दिवस पर जिले में 60 महिलाओं ने नसबंदी कराई है।