महोबा। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 44 युवाओं से एक-एक लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला उजागर हुआ है। सोशल मीडिया में आवेदकों व नौकरी देने वालों की बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वार्ड ब्वाय समेत अन्य पदों के लिए आवेदकों से एक-एक लाख रुपये ऐंठे गए और बाद में नौकरी देने से साफ इनकार कर दिया गया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है।
महोबा निवासी राजेश, प्रेमनारायण, ईश्वरीदीन, कपिल, दीपक सेन, सतीश, उमाशंकर, शैलेंद्र वर्मा, प्रेमकुमारी आदि ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि स्वास्थ्य विभाग मेें नौकरी का झांसा देकर उनसे एक-एक लाख रुपये लिए गए। नौकरी न मिलने पर जब संबंधित लोगों से बात की गई तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। पीड़ितों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पैसे वापस दिलाए जाने की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर ठगी किए जाने का ऑडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। जिसमें नौकरी दिलाने वालों व आवेदकों के बीच हुई बातचीत में नौकरी देने या फिर पैसे वापस किए जाने की बात कही जा रही है। उधर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोजकांत सिन्हा का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में अभी तक किसी भी पीड़ित ने लिखित शिकायत नहीं की है। विभाग की छवि खराब करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।