संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल ने जहर खाकर जान दे दी। सूचना पर एसपी, अपर एसपी और सीओ ने अस्पताल पहुंच जांच की। एक माह के अवकाश के बाद दो दिन पहले सिपाही ड्यूटी पर आया था। घटना का कारण पारिवारिक तनाव बताया जा रहा है।
जनपद प्रयागराज के थाना सराय इनायत के ककरा दवावल गांव निवासी सत्यप्रकाश मिश्रा (47) पुलिसलाइन महोबा में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था। बुधवार को आवास पर उसने जहर खा लिया। जिसके बाद हालत बिगड़ गई। आरआई शिवकुमार के साथ लाइन में तैनात सुशील कुमार सचान उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच में सल्फास की पुष्टि की। मुख्य आरक्षी हेड कांस्टेबल पुलिस लाइन के जीडी कार्यालय में तैनात थे।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम ने मौके पर पहुंचकर ड्यूटी में तैनात डॉ. यतीन्द्र पुरवार से जानकारी हासिल की। बताया गया है कि जिले में हेड कांस्टेबल डेढ़ साल से तैनात था। हेड कांस्टेबल की 1993 की तैनाती बताई जा रही है। अपर एसपी ने बताया कि हेड कांस्टेबल एक माह की छुट्टी के बाद दो दिन पूर्व गांव से लौटा था। घर में शादी होने के कारण छुट्टी दी गई थी। बताया कि घटना को लेकर छानबीन की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिवारिक तनाव के चलते सल्फास खाने की आशंका जताई जा रही हे। फिलहाल अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है।