नवनिर्मित उप मंडी भवन में कारोबार स्थानांतरित करने से गुरेज
कर रहे तीन गल्ला व्यापारी के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। नोटिस के
बावजूद कोताही पर अड़े व्यापारियों के खिलाफ उपजिलाधिकारी चरखारी द्वारा की
गई कार्रवाई से गल्ला व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
कस्बा खरेला में करोड़ों की लागत से नवीन उप मंडी का निर्माण कराया गया था। पिछले साल से नवीन गल्लामंडी में कारोबार शुरू कराने के लिए टेंडर के माध्यम से दुकानों का आवंटन कर दिया। उधर व्यापारी अस्थाई रुप से किराए के भवन में चल रही मंडी से कारोबार करने में लगे हैं। नवीन मंडी में दुकानदारों के न पहुंचने से गल्ला मंडी का संचालन नहीं हो पा रहा था।
उपजिलाधिकारी द्वारा कई बार गल्ला व्यापारियों को नोटिस देने के बाद भी आढ़तियों ने व्यापार को स्थानांतरण नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने मैसर्स दुर्गा उद्योग, कामदगिरि उद्योग और पूजा उद्योग के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। इस कार्रवाई से गल्ला व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। उधर नवीन गल्ला मंडी का संचालन नहीं हो पा रहा है। उपजिलाधिकारी ओमवीर सिंह यदुवंशी ने बताया कि नवीन गल्लामंडी के संचालन में सहयोग न करने पर व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए है। मंडी सचिव विशंभर तिवारी ने बताया कि नवीन उपगल्ला मंडी का संचालन हर हाल में शुरू कराया जाएगा, ताकि किसानों को असुविधा का सामना न करना पड़े।