तालाबों में चल रही खुदाई मुख्यमंत्री के जाते ही बंद हो गई। जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों ने तालाब की खुदाई का कार्य शुरू कराए जाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल तालाबों की खुदाई का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा था। दिन रात हो रही तालाबों की खुदाई से प्रदेश सरकार की सराहना भी की जा रही थी।
तालाबों की खुदाई देखने मुख्यमंत्री चार जून को लखनऊ से महोबा जनपद आए थे। तालाबों की हकीकत देखने के बाद मुख्यमंत्री के जाते ही श्रीनगर के राजा मोहन सिंह तालाब की खुदाई का काम बंद हो गया है। वहीं अन्य तालाबों में भी खुदाई का काम धीमा हो गया है। तालाबों की खुदाई धीमी होने से लोगों में असंतोष है। ग्राम प्रधान श्रीनगर कल्पना, वीरेंद्र मिश्रा, पप्पू राजपूत, प्रमोद कुमार सहित तमाम ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर राजा मोहन सिंह तालाब की खुदाई कराने की मांग की।
श्रीनगर। 14 मई से राजा मोहन सिंह तालाब की खुदाई हो रही थी। 28 एकड़ में फैले तालाब की खुदाई के लिए आधा दर्जन मशीनें लगाई गई थी, लेकिन छह जून से तालाब खुदाई का काम बंद हो गया। जिससे महज दस फीसदी खुदाई ही हो सकी है।