हमीरपुर। लोकसभा क्षेत्र हमीरपुर-महोबा के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा में फर्जीवाड़ा का मुद्दा उठाए जाने को लेकर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है। सांसद ने सोशल मीडिया के अपने फेसबुक पेज पर कृषि मंत्री की ओर से भेजा गया पत्र साझा किया है। क्षेत्र में फर्जी ढंग से किए गए फसल बीमा घोटाले की जांच के आग्रह पर कृषि मंत्रालय ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंत्रालय ने हमीरपुर व महोबा डीएम को तत्काल जांच कर रिपोर्ट आख्या उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि क्षेत्र के कई किसान लगातार शिकायत कर रहे थे कि उनकी जमीनों का बिना जानकारी दिए फसल बीमा कर दिया गया, लेकिन बीमा राशि उन्हें नहीं मिली। किसानों की शिकायत पर उन्होंने कृषि मंत्री को पत्र लिखकर विभाग के कर्मचारियों, अधिकारियों और संबंधित बीमा कंपनी के अधिकारियों पर फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की थी। इस पर कृषि मंत्रालय ने जांच का आदेश दिया है। कृषि मंत्रालय ने पत्र में स्पष्ट कहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों को फसल बीमा घोटाले की विस्तृत जांच कर दोषियों को चिह्नित कर प्रभावित किसानों को लाभ दिलाए जाने की कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए।
कहा कि किसान और मजदूर भाइयों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पहले भी आपके साथ खड़ा था, आज भी खड़ा हूं और आगे भी सदैव साथ खड़ा रहूंगा। इस मुद्दे को वह सदन में भी मजबूती से उठाएंगे।