-परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। परीक्षाएं 28 नवंबर से शुरू होकर तीन दिसंबर तक आयोजित होंगी। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। जिसके अनुसार कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों की परीक्षा 50 प्रतिशत मौखिक व 50 प्रतिशत लिखित के आधार पर होगी।
कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा का भारांक 70 प्रतिशत व मौखिक का 30 प्रतिशत तय किया गया है। कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा केवल लिखित रूप में होगी, जिसमें कुल 50 अंक के प्रश्न होंगे। प्रश्नपत्रों में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक विषय की लिखित परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
परीक्षा पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे व दूसरी पाली दोपहर 12.30 से 2.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। नगरीय क्षेत्र व जनपद के चारों ब्लॉकों में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 840 परिषदीय स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को परीक्षा कार्यक्रम से अवगत करा दिया गया है। ताकि, गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा कराई जा सके।