महोबा। शहर के कीरत सागर स्थित पावर हाउस के ट्रांसफार्मर में सोमवार की शाम करीब छह बजे तेज धमाके के साथ फुंक गया। आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली निगम के अधिकारियों ने रात 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की बात कही है।
कीरत सागर पावर हाउस से शहर के आल्हा चौक, उदल चौक, गांधीनगर, रामनगर फीडर समेत छह से अधिक वार्डों को बिजली आपूर्ति होती है। शाम करीब छह बजे पावर हाउस में लगे ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई और आधा शहर अंधेरे में डूब गया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने कर्मचारियों को लगाकर ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराने का काम शुरू कर दिया है। एसडीओ राकेश कुमार का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर में ब्लास्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। रात 12 बजे आपूर्ति चालू हो जाने की उम्मीद है।