प्रदर्शन करती गुलाबी गैंग की महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
सूखे से जूझ रहे बुंदेलखंड में सूखा राहत चेकों में हो रही धांधली से गुलाबी गैंग भड़क उठी। गुरुवार को जिला कमांडर फरीदा बेगम की अगुवाई में एक सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। गुलाबी गैंग तहसील पहुंच कर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में किसानों को सूखा राहत की धनराशि सीधे दिलाने की मांग की।
गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल की मौजूदगी में सूखे से निजात दिलाने और सोए प्रशासन को जगाने की रणनीति बनाई गई। गुरुवार को जिला कमांडर फरीदा बेगम के साथ एक सैकड़ा महिलाओं ने रैली निकाली। सदर तहसील पहुंची महिलाओं ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया। उन्होेंने बताया कि सूखा राहत की चेकों में लेखपाल धांधली कर रहे हैं। लेखपालों के लिए दैवी आपदा सोने का अंडा देने वाली मुर्गी साबित हो रही है।
गुलाबी गैंग की महिलाओं ने उपजिलाधिकारी सुशील प्रताप सिंह को सौंपे ज्ञापन में बताया कि सूखे का सर्वाधिक असर महोबा में है। यहां इंसान ही नही मवेशी भी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों को दुरुस्त कराने, टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराने, शहर में जगह-जगह नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था करने और जानवरों के लिए चरही बनाने की मांग की। इसके साथ ही जिन किसानों को आज तक सूखा राहत की चेक नहीं मिली है उन्हें तत्काल राहत राशि दी जाए।
कहा यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गुलाबी गैंग आंदोलन करेंगी। प्रदर्शन में उर्मिला, गेंदारानी, प्रकाश रानी, मीरा, भगवती, शिव कुमारी आदि महिलाएं शामिल रहीं।