महोबा। अहमदाबाद के चलकर बरौनी को जाने वाली ट्रेन में गुजरात का एक बालक मिलने पर उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के आने पर बालक को उनके सुपुर्द किया गया।
शनिवार की शाम चाइल्ड हेल्पलाइन महोबा को सूचना मिली कि एक बालक बरौनी एक्सप्रेस में महोबा स्टेशन पर है। चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोआर्डीनेटर दीपक कुमार टीम के साथ स्टेशन पर पहुंचे। इसके बाद बालक को साथ लाए। पूछताछ के दौरान बालक ने अपना नाम विजय कुमार झा (11) निवासी जनपद बलसाड (गुजरात) बताया।
तब चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने मोबाइल के जरिए उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। रविवार की दोपहर उसके पिता नरेश कुमार झा व मां नीतू झा महोबा आईं।
परिजनों ने बताया कि वह बेटे के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन करने के लिए आए थे। लौटते समय खजुराहो रेलवे स्टेशन पर विजय उनसे बिछड़ गया था। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बालक को परिजनों के सुपुर्द किया।