विकास भवन में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होेने से अधिकारी और कर्मचारियों ने विकास भवन गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद तीन बजे जल संस्थान ने टैंकर भेजकर कर्मचारियाें की प्यास बुझाई।
सौ फुट ऊंची पहाड़ी पर बनाए गए विकास भवन में डेढ़ दर्जन से ज्यादा कार्यालय हैं। इन कार्यालयाें के अधिकारियाें और कर्मचारियाें को पानी पहुंचाने के लिए कार्यदाई संस्था ने विकास भवन की पहाड़ी पर ओवरहैड टैंक का निर्माण कराया था। इस टैंक में ट्यूबवेल से पानी भरा जाता है। इसके बाद पानी की टंकी से विकास भवन के सभी कार्यालयाें में बिछाई गई पाइप लाइन के जरिए अधिकारी और कर्मचारी पानी भरकर प्यास बुझाते हैं। पिछले एक सप्ताह से विकास भवन की टंकी न भरे जाने के कारण तीन दिनाें से विकास भवन की पानी की आपूर्ति ठप हो गई। जिसके चलते तीन दिन से कर्मचारियों को पीने के पानी के लिए इधर -उधर भटकना पड़ता है। बुधवार को कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद जल संस्थान ने टैंकर भेजकर कर्मचारियाें को पानी उपलब्ध कराया। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए। जल संस्थान के अवर अभियंता एसके वर्मा ने बताया कि समद नगर सीडब्ल्यूआर टैंक से विकास भवन में पानी की टंकी भरी जाती है लेकिन पिछले एक सप्ताह से बलखंडेश्वर पहाड़ का सीडब्ल्यूआर टैंक न भर पाने के कारण विकास भवन के ओवरहैड टैंक में पानी नहीं पहुंच रहा है। अब टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है।