फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: कजली मेले की भव्य शोभायात्रा आज, उमड़ेगा जनसैलाब

Thu, 31 Aug 2023 12:38 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
महोबा। उत्तर भारत के मशहूर ऐतिहासिक कजली मेले का गुरुवार को भव्य शोभायात्रा के साथ आगाज होगा। शहर के शहीद स्थल हवेली दरवाजा से दोपहर दो बजे शोभायात्रा शुरू होगी जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ेगा। मेले के पहले दिन बुंदेलखंड के सभी जनपदों के साथ मध्यप्रदेश के छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सागर, दतिया समेत दूर-दूर से मेलाप्रेमी आएंगे। मेले को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगा।
विज्ञापन

आल्हा-ऊदल की वीरता और पराक्रम से जुड़े महोबा के कजली मेले को इस बार सात दिन से बढ़ाकर नौ दिन कर दिया गया है। मेलास्थल कीरत सागर तट पर बने सांस्कृतिक मंच में बुंदेली लोक संस्कृति की धूम रहेगी। इसके अलावा दूसरे छोर पर आल्हा मंच में दिनरात आल्हा गायन, लोकगीत, गजल आदि के कार्यक्रम चलेंगे। शोभायात्रा के साथ नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ होगा। शहीद स्थल से शुरू होने वाली शोभायात्रा तहसील चौराहा, मुख्य बाजार, ऊदल चौक, सुभाष चौक होते हुए कीरत सागर तट पहुंचेगी। जहां भुजरियों का विसर्जन किया जाएगा।
मेले को लेकर जिला व पालिका प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर लीं हैं। शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। कजली मेले को लेकर एक दिन पहले से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। अधिकांश लोग अपने रिश्तेदारों के यहां रुके। जो गुरुवार को बहनों से राखी बंधवाने के बाद कजली मेले में शामिल होंगे।
विज्ञापन

कजली मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से एक जोन और सात सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम को मेला प्रभारी बनाया गया है। मेले को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए चार सीओ, एक निरीक्षक, 68 उप निरीक्षक, 57 मुख्य आरक्षी, 246 आरक्षी, 58 महिला आरक्षी, 25 यातायात पुलिस, दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी प्लाटून और क्विक रिस्पांस टीम की ड्यूटी लगाई गई है। ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। शोभायात्रा के दौरान भी भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
कजली मेला महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए पालिका व जिला प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों को लेकर डीएम मनोज कुमार व एसपी अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मेले में आयोजित होेने वाले कार्यक्रम उच्चकोटि के कराने के सुझाव दिए गए जिससे कजली महोत्सव को अधिक वैभवशाली रूप दिया जा सके। एसपी ने मेला प्रबंधन समिति को निर्देश दिए कि दो दुकानों के बीच के मार्गों को चौड़ा रखा जाए। जिससे लोगों को चलने में परेशानी न हो और जाम की स्थिति न बनें। मेलास्थल के अंदर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। एसपी ने मेलास्थल का भ्रमण कर जायजा लिया। इस मौके पर सीडीओ चित्रसेन सिंह, एडीएम रामप्रकाश, अपर एसपी सत्यम, एडीएम जितेंद्र कुमार, सीओ रामप्रवेश राय आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें