महोबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित कर दिए हैं। यह नामित निर्वाचन अधिकारी नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतगणना का कार्य निष्पक्ष तरीके से कराएंगे।
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव के लिए एडीएम राम सुरेश वर्मा को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। जबकि, वीर भूमि राजकीय डिग्री कालेज के प्राचार्य डॉ. सुशील बाबू, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेशचंद्र तिवारी, ग्राम अभियंत्रण विभाग के एई वीरेंद्र कुमार व जिला सेवा योजन अधिकारी राममूर्ति को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया है।
विकास खंड कबरई क्षेत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए डीआईओएस एसपी सिंह को निर्वाचन अधिकारी और पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. अरविंद कुमार, पीडब्लूडी के जेई कमला कांत त्रिवेदी, लघु सिंचाई विभाग के एई धनराज, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी विनय कुमार सिंह, पीडब्लूडी के जेई श्रीचंद्र निषाद, सीएनडीएस के जेई रवि शंकर, पीडब्लूडी जेई अवनीश कुमार, ग्रामीण अभियंत्रण के जेई राजाराम भाष्कर समेत 11 सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किए हैं।
विकासखंड चरखारी के क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए सिंचाई विभाग के एई रवि गुप्ता को निर्वाचन अधिकारी व छह सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य जैतपुर के लिए समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा को निर्वाचन अधिकारी व सात सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं। विकास खंड पनवाड़ी में क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार को निर्वाचन अधिकारी व सात सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं।
पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अफसरों को दिशा निर्देश दिए गए। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के अफसरों ने कहा कि जिले में एक ही दिन में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत व जिला पंचायत सदस्य पद का मतदान कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी करने का निर्देश मिला है।