- गोरखगिरि के समीप बनी रिखन तलैया में पटी मिट्टी
- फोटो : amarujala
महोबा। गुरू गोरखनाथ की तपोभूमि गोरखगिरि में स्थित गोरख सरोवर व रिखन सरोवर में जमा मिट्टी को साफ कराने की मांग को लेकर बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकार ने जिलाधिकारी सहदेव को मांग पत्र सौंपा। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को बारिश से पहले सरोवरों की सफाई कराने के निर्देश दिए। सरोवरों की सफाई होने से वन्य जीवों के लिए पानी का संकट दूर होगा।
बुंदेली समाज के संयोजक ने जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में बताया कि गुरू गोरखनाथ की तपोभूमि गोरखगिरि पर्वत में ऊपर दो सरोवर हैं। गोरख सरोवर सिद्धबाबा मंदिर के सामने हैं और दूसरा रिखन सरोवर (तलैया) रिखी बेतालशिला के सामने हैं। ये दोनों सरोवर कभी वर्षा जल संचयन के बड़े साधन थे। इसके अलावा गोरखगिरि में जल संचय की अपार क्षमता थी। जिसकी वजह से साल के 8 महीने पहाड़ से झरने बहते रहते थे। लेकिन अब गोरख सरोवर व रिखन सरोवर दोनों बारिश के साथ आई मिट्टी से पट गये हैं। एक वर्ष पहले बुंदेली समाज ने इन सरोवरों की मिट्टी साफ करने को श्रमदान कार्यक्रम चलाया था। उन्होंने बताया कि बारिश से पहले दोनों सरोवरों की मिट्टी साफ कर दी जाए तो बारिश के जल का पर्याप्त संरक्षण किया जा सकेगा। बुंदेली समाज की मांग को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए सीडीओ हीरा सिंह को निर्देश दिए है।