कनकुआ (महोबा)। विकासखंड पनवाड़ी के ग्राम महोबकंठ में चल रहे दो दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट का मंगलवार को समापन हो गया। अंतिम दिन आधा दर्जन मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग में गोरखा ने स्वासामाफ को हराकर कबड्डी का फाइनल मुकाबला जीता, जबकि महिला वर्ग में बांदा ने जखा को हराया। आयोजन समिति की ओर विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया।
कबड्डी प्रतियोगिता के अंतिम दिन पहला र्क्वाटर फाइनल मुकाबला स्वासामाफ व भदर्रा टीम के बीच खेला गया। इसमें स्वासामाफ ने जीत दर्ज की। दूसरे मैच में सौरा ने टिकरिया को हराया। तीसरे मुकाबाले में टिकरी ने सलालपुरा तो चौथे मुकाबले में सिरमौर ने गोरखा को हराया। पहला सेमीफाइनल सौरा व गोरखा के बीच खेला गया, जिसमें गोरखा के पिंकू पाल ने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम को एकतरफा 35-12 अंक से मैच जिताया। दूसरा सेमीफाइनल स्वासामाफ व टिकरी के बीच खेला गया। इसमें स्वासामाफ ने टिकरी को 22-15 अंक से हराया। पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला स्वासामाफ व गोरखा के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दूसरे हाफ में गोरखा ने बढ़त बनाते हुए स्वासामाफ को 21-9 के अंतर से हराया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में बांदा को 17 अंक मिले जबकि जखा को 8 अंकों से संतोष करना पड़ा। जिससे बांदा की टीम नौ अंकों से विजेता चुनी गई। मुख्य अतिथि प्रधान संघ के अध्यक्ष संजय द्विवेदी व अजयपाल सिंह राजपूत प्रधान टोलापातर ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया।