महोबा। कोविड मरीज की पहचान के साथ उसके संपर्क में आए लोगों की जांच में स्वास्थ्य विभाग पहले से ही मुस्तैद है। अब मरीजों के स्थानों की पहचान गूगल मैप पर होगी। किसी स्थान पर एक से अधिक मरीज मिलने पर हाई लोड एरिया भी घोषित होगा। कोविड स्काट टीमों को भी मरीजों को ढूंढने में समय बर्बाद नहीं होगा।
कोरोना से लड़ाई में स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयोग कर रहा है। अब गूगल ने कोविड केंद्र नाम से नया फीचर तैयार किया है। स्वास्थ्य विभाग कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर जिले में जहां-जहां मरीज हैं, उसकी मैपिंग तैयार कर ली है। सीएमओ डॉ. एमके सिन्हा ने बताया कि अब गूगल मैप पर जनपद में मरीजों की संख्या, स्थान, कोविड टेस्टिंग सेंटर को आसानी से देखा जा सकता है। इससे स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मरीज की तलाश करने में मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। मरीज की रिपोर्ट पाजिटिव आने के कुछ देर में टीम मरीज के घर आसानी से पहुंच सकेगी। सीएमओ ने बताया कि शासन को केस की मैपिंग भेज दी गई है। जिले में अब तक 1349 मरीज मिल चुके हैं। 1295 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 10 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। अभी 44 केस एक्टिव हैं।