महोबा। शहर में ड्रिल रॉड रिपेयरिंग दुकान से चोरों ने नकदी समेत पांच लाख का माल चोरी कर लिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शहर के विजय सागर पक्षी विहार रोड पर स्थित ड्रिल रॉड रिपेयरिंग की दुकान के मालिक रामप्रकाश श्रीवास ने बताया कि बुधवार की सुबह जब दुकान का मुनीम सुल्तान खान दुकान पहुंचा तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पीड़ित ने बताया कि चोर दुकान से चाइनीज टेपर बटन बिट की कुल 12 पेटियां ले गए, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये है। इसके साथ ही चोरों ने दुकान में रखी गुल्लक तोड़कर 40 हजार रुपये की नकदी भी चोरी की है। सूचना मिलने पर डायल-112 व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के कारखानों, सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। पुलिस ने शीघ्र ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।