संवाद न्यूज एजेंसी
कुलपहाड (महोबा)। कस्बे के रामरतन भुवनेश कुमार पब्लिक स्कूल में एचीवर्स डे पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्रों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। कत्थक नृत्य दशकों ने खूब पसंद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शबीना व अंकित शुक्ला ने देवा श्री गणेशा गीत के साथ की। कक्षा सात और नौवीं की छात्राओं व नृत्य शिक्षिका शबीना ने बाजीराव मस्तानी फिल्म के ढाई शाम रोक लई रोक लई गीत पर आकर्षक कत्थक नृत्य पेशकर जमकर तालियां बटोरी। नर्सरी के बच्चों ने तारे जमीं पर फिल्म के गीत बम बम भोले व केजी के बच्चों ने फिल्मी गीत चक धूम धूम और कक्षा दो के छात्रों ने चंदा चमके गीत पर नृत्य से सभी का दिल जीत लिया। कक्षा तीन की छात्राओं ने गीत निबुडा-निबुडा पर प्रस्तुति दी। कक्षा नौ के छात्रों ने सूफी गीत ख्वाजा मेरे ख्वाजा पर आकर्षक प्रस्तुति दी। संचालन विद्यालय की छात्रा आशी तिवारी, प्राची मिश्रा व शिक्षक अनिल ने किया।
सम्मान समारोह में चरखारी विधायक ब्रजभूषण सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी व सीओ हर्षिता गंगवार ने छात्रा शिवानी वर्मा, आराध्या राजपूत , अंशुमन चौबे और आकृति शर्मा को बेस्ट परफाॅर्मर इन कल्चरल एक्टिविटी, श्रेया अग्रवाल, निष्ठा सिंह व अविका सक्सेना को बेस्ट परफाॅर्मर इन लिटरेरी इवेंटस, योगेन्द्र सिंह राजपूत और राघव चौबे व समृद्धि द्विवेदी को बेस्ट परफाॅर्मर इन स्पोर्टस इवेंट का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
एसडीएम अनुराग प्रसाद, नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. कमलेश सक्सेना, पूर्व प्राचार्य बीएनवी कालेज राठ डाॅ. लक्ष्मीनारायन अग्रवाल, विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल, प्रधानाचार्य अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।