फोटो 29 एमएएचपी 31 परिचय-हॉकी मैच में गेंद पाने को जूझते खिलाड़ी। स्रोत: विभाग
-खेल दिवस पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
फोटो 29 एमएएचपी 31 परिचय-हॉकी मैच में गेंद पाने को जूझते खिलाड़ी। स्रोत: विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। हॉकी के जादूगर स्व. मेजर ध्यानचंद्र का जन्मदिन शनिवार को खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। हॉकी में जीआईसी श्रीनगर और कबड्डी में करहरा की टीम विजेता बनी। विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने किया। इस दौरान हॉकी के जादूगर स्व. मेजर ध्यानचंद्र के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। हॉकी प्रतियोगिता के पहले मैच में स्टेडियम-ए ने डीएवी इंटर कॉलेज महोबा की टीम को 2-0 से हराया। दूसरे मैच में जीआईसी श्रीनगर की टीम ने विशंभरदास अकादमी को 3-0 से शिकस्त दी। तीसरे मैच में स्टेडियम-ए ने जीआईसी महोबा को 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। चौथे मैच में जीआईसी श्रीनगर ने स्टेडियम-बी को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में जीआईसी श्रीनगर की टीम स्टेडियम-ए को 4-1 से हराकर विजेता बनी। निर्णायक की भूमिका शशिकांत गुप्ता, संजय यादव और मो. इरफान ने निभाई।
वहीं कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला करहरा व चरखारी की टीम के बीच खेला गया। करहरा की टीम ने 38-32 अंकों के साथ चरखारी की टीम को परास्त कर विजेता का खिताब जीता। निर्णायक की भूमिका जिला कबड्डी संघ के सचिव देवी प्रसाद, नरेश कुमार, रमेश कुमार, अखिलेश सिंह और शिवशंकर ने निभाई। एमएलसी ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों और स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर हॉकी के वरिष्ठ खिलाड़ी मो. शरीफ, जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता, युवा कल्याण अधिकारी मतगंजन कुशवाहा, अमर सिंह, रवि पटेल, कुणाल पाटकर आदि मौजूद रहे।