महोबा/खरेला। जिले में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का कहर जारी है। शनिवार को लू व बुखार की चपेट में आने से चरवाहे समेत चार लोगों की और मौत हो गई, जबकि गर्मी से दस से अधिक लोगों की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती कराया गया।
एक सप्ताह से गर्मी का कहर जारी है। सुबह से ही आसमान से आग बरसने व देर रात तक गर्म हवाएं चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। थाना खरेला के बसौंठ गांव निवासी कुंवर बहादुर (68) प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को बकरियां चराने गए थे। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे, जबकि बकरियां घर आ गईं। परिजनों ने कुंवर बहादुर की तलाश की तो देर रात उनका शव बसौंठ मौजा में खेत की मेड़ पर लगे बबूल के पेड़ के नीचे मिला। परिजनों ने लू से मौत होने की जानकारी देते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीमा से सटे मध्यप्रदेश के लक्ष्मणपुरा गांव निवासी भगवानदीन (40) खेती-किसानी करते थे। शनिवार सुबह अचेत अवस्था में उन्हें परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई महेश ने बताया कि गर्मी के चलते भाई की हालत बिगड़ी और जान चली गई। थाना खन्ना के पुरा निवासी सुरेश (69) गांव में किसी काम से गए थे, घर लौटते ही उनकी हालत बिगड़ गई। बेटा अशोक सीएचसी कबरई ले गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी तरह थाना खरेला के शिवहार निवासी सियाप्यारी (55) को शुक्रवार की रात तेज बुखार होने पर दामाद ज्ञान सिंह जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटनाओं से परिजन गमगीन हो गए।