महोबा। जिले में मूंगफली खरीद के दौरान हुए गड़बड़झाले का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मूंगफली खरीद में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराने और खरीद के लिए एक माह का समय बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की लड़ाई जारी रहेगी। न्याय न मिलने पर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी।
जिले में माह नवंबर से खरीद शुरू होना थी लेकिन कभी सर्वर तो कभी पोर्टल की समस्या को लेकर पूरे माह एक भी दाना नहीं खरीदा गया जबकि मूंगफली खरीद की अंतिम तिथि 28 जनवरी निर्धारित थी। इस दौरान किसानों की भीड़ जुटी लेकिन किसानों की जगह अधिकांश व्यापारियों की मूंगफली खरीदकर लक्ष्य पूरा दिखा दिया गया। इससे किसान खुले बाजार में ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल सस्ती मूंगफली बेचने को मजबूर हैं।
पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जांच की मांग की है। जिसमें कहा है कि निर्धारित तिथि से एक माह बाद खरीद शुरु हुई। वह समय बढ़ाया जाए। ताकि, जिन किसानों को टोकन दिए गए हैं उनकी तौल हो सके। उन्होंने किसानों से टोकन की फोटोकॉपी उनके कार्यालय में भेजने की अपील की। ताकि, उनकी लड़ाई लड़ी जा सके।