पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत को समस्या बताते किसान
- फोटो : AMAR UJALA
फोटो 11 एमएएचपी 08 परिचय-पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत को समस्या बताते किसान संवाद न्यूज एजेंसी महोबा। भाजपा के पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने गुरुवार को पचपहरा मंडी और पीसीएफ क्रय केंद्र बेलाताल का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। साथ ही केंद्र प्रभारियों द्वारा की जा रही मनमानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों के बजाय किसी भी आढ़ती का दलहन खरीदा गया तो केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। पूर्व सांसद दोपहर करीब 12 बजे पचपहरा मंडी में बनाए गए दलहन क्रय केंद्र में जा धमके। जिससे केंद्र प्रभारी व अन्य लोगों के हाथपांव फूल गए। पूर्व सांसद ने केंद्र प्रभारी को किसानों के बीच बुलाया। किसानों ने बताया कि चने की खरीद किसानों की न करके आढ़तियों की जाती है। जिससे किसान चार-चार दिन से भूखे प्यासे मंडी के बाहर डेरा जमाए हैं। ट्रैक्टरों का भाड़ा भी कई-कई दिन का अदा करना पड़ेगा। इसपर पूर्व सांसद ने नाराजगी जताते हुए। पहले किसानों की खरीद करने के निर्देश दिए। साथ ही आगाह किया कि यदि आढ़तियों का माल खरीदने की शिकायत मिली तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। बेलाताल प्रतिनिधि के अनुसार स्टेशन रोड पर स्थित पीसीएफ क्रय केंद्र में डेढ़ बजे पहुंचे पूर्व सांसद से किसानों ने 400 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से पैसा लेने की बात बताई। किसानों ने बताया कि पैसा देने वाले लोगों की पहले तौल हो जाती है और किसान चार-चार दिन तक भूखे पड़े रहते हैं। उन्होंने केंद्र प्रभारी दिनेश कुमार को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही किसानों के माल की तौल कराने के लिए कांटे बढ़ाए जाने की बात कही। जिससे जल्द से जल्द किसानों के माल की खरीद हो सके। साथ ही चेतावनी दी कि किसानों की खरीद पहले नहीं हुई तो केंद्र प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। पूर्व सांसद ने केंद्र प्रभारी की कारगुजारी से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया है। पूर्व सांसद के निरीक्षण से किसानों ने खुशी जताई।