महोबा। झांसी-मिर्जापुर हाईवे में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल महोबा के लिए रेफर कर दिया है। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
थाना महोबकंठ के ग्राम उमरई निवासी रामसिंह (40) पुत्र कौशल अपने साथी लल्लन (30) पुत्र दुलीचंद के साथ पनवाड़ी से बाजार करके बाइक से गांव लौट रहा था। तभी झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बैंदों मोड़ के पास अचानक सामने से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार बाइक समेत खाई में जा गिरे। बाइक चालक राम सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने सूचना देकर एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस से घायल लल्लन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल महोबा के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उसकी हालत चिंताजनक है। बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।