पनवाड़ी (महोबा)। राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र 76 के चौड़ीकरण के लिए रेमलपुरा मौजा, पनवाड़ी में शनिवार को कई भवनों व दुकानों को बुलडोजर से गिरा देने पर हंगामा किया। कुछ लोगों ने मुआवजा न मिलने की बात कह कर हंगामा किया, पर प्रशासनिक अफसरों ने किसी की नहीं सुनीं। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसमें पनवाड़ी के रेमलपुरा मौजा में कई मकान, दुकान और ढाबा आड़े आ रहे है। हाईवे के चौड़ीकरण का नाम न रुके, इसलिए शासन ने इन जमीनों को अधिग्रहित की है। इसके एवज में जो मुआवजा राशि सरकार ने तय की उससे किसान, गृहस्वामी और व्यापारी संतुष्ट नहीं है।
रमेश अग्रवाल, झब्बन, किशन अग्रवाल, वृंदावन समेत कई पीड़ितों का कहना है कि सरकार ने जो मुआवजा राशि तय की है, वह कम है। इसलिए सड़क के चौड़ीकरण का काम नहीं होने देंगे। इस मुद्दे को लेकर प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक भी हुई पर बात नहीं बनी। कुछ लोगों ने इस मामले को लेकर कोर्ट में याचिका भी दाखिल कर रखी है। उधर, शनिवार को प्रशासनिक अधिकारी व अन्य विभागों के अफसरों के साथ बुलडोजर लेकर रेमलपुरा मौजा पहुंचे। अफसरों ने लोगों से जमीन खाली करने को कहा।