महोबा। नवरात्र पर्व के छठवें दिन भक्तों ने मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा आराधना कर माथा टेका। मंदिरों से लेकर दुर्गा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों की धूम मची है। जगह-जगह कन्याभोज व भंडारे के आयोजन चल रहे है, जिसमें लोगों की भारी-भीड़ जुट रही है। शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर और चरखारी की मदारन देवी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद भक्त नौ दिवसीय मेले में जमकर खरीदारी कर रहे है।
शारदीय नवरात्र से हिंदू धर्म में सभी शुभ कार्यों का शुभारंभ हो जाता है। शादी ब्याह से लेकर मुंडन, गृह प्रवेश आदि कार्य भी शुरू हो जाते है। नवरात्र के छठवें दिन शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका, छोटी चंद्रिका, शारदा माता मंदिर, सिंहवाहिनी, विंध्यवासिनी मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में भोर से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही। मां के छठवें स्वरूप कात्यायनी की पूजा अर्चना कर भक्तों ने परिवार की खुशहाली की कामना की। बड़ी चंद्रिका में चल रहे मेले में महिलाओं ने पूजा सामग्री की खरीदारी की। देवी मंदिरों, पंडालों और घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चल रहा है। कन्या भोज व भंडारे में भक्त बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे है। हवन पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ, अखंड रामायाण, भजन कीर्तन आदि के आयोजनों से शहर का माहौल भक्तिमय बना है।
चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे से दो किमी दूर पहाड़ पर स्थापित मां मदारन देवी मंदिर में भक्तों की भारी-भीड़ जुटी रही। भक्तों ने मां के दरबार में पूजा अर्चना कर चुनरी चढ़ाई। यहां चल रहे नौ दिवसीय मेले में आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों की भीड़ जुटी रही। कुलपहाड़ कस्बे में स्थित मां बाघ विराजन माता के दरबार में नवरात्र पर्व को लेकर सुबह से ही भक्त पूजा अर्चना के लिए पहुंच रहे है। वहीं कबरई के पांच पहाड़ी मंदिर में भक्तों की सर्वाधिक भीड़ जुट रही है। मां की आस्था में लीन भक्त नंगे पैर मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना करते हुए मनौती मांग रहे है।
पूजा पंडालों में गूंज रहे मातारानी के जयकारे
महोबा। शहर में एक सैकड़ा स्थानों पर विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं में सुबह शाम होने वाली आरती के समय भक्तों की भारी भीड़ जुट रही है। इस दौरान पंडालों में मातारानी के जयकारे गूंज रहे है। आसपास की महिलाएं और भक्त मां की आराधना में लीन है। पूरे दिन बज रही भक्तिगीत चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है जैसे गीतों से माहौल भक्तिमय बना है।